जशपुर

ऑपरेशन आघात में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, कार से 72 किलो 340 ग्राम गांजा जब्त, आरोपी गिरफ्तार

जशपुर। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन आघात के तहत जशपुर पुलिस ने लगातार तीसरी बड़ी कार्रवाई करते हुए 72 किलो 340 ग्राम गांजा बरामद किया है। कोतबा चौकी पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर जामझोर के पास घेराबंदी कर उड़ीसा की ओर से आ रही मारुति स्विफ्ट कार को रोका। तलाशी के दौरान कार से दो बोरियों में रखे 70 पैकेट गांजा बरामद हुए।

पुलिस ने गांजे के साथ तस्करी में इस्तेमाल स्विफ्ट कार और मोबाइल फोन भी जब्त किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 36 लाख रुपये, कार की कीमत 5 लाख और मोबाइल की कीमत करीब 20 हजार रुपये बताई गई है। इस कार्रवाई में कुल करीब 41 लाख 20 हजार रुपये की जप्ती हुई है।

मामले में जामझोर निवासी 35 वर्षीय रोहित यादव को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी पहले भी गांजा तस्करी के मामलों में पकड़ा जा चुका है। उसके खिलाफ अलग-अलग मामलों में गांजा बरामदगी की कार्रवाई हो चुकी है और 40 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति पर सफेमा एक्ट के तहत पूर्व में कार्रवाई की गई थी।

जशपुर पुलिस के मुताबिक पिछले चार दिनों में ऑपरेशन आघात के तहत कुल 1 टन 145 किलो 350 ग्राम गांजा बरामद किया जा चुका है। पुलिस ने गांजा तस्करी में इस्तेमाल तीन वाहन भी जब्त किए हैं। अधिकारियों का कहना है कि उड़ीसा और झारखंड की ओर से होने वाली नशे की तस्करी पर निगरानी बढ़ाते हुए आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button