छतीसगढ़
पिकअप के गुप्त चेंबर से 4 करोड़ रुपये बरामद….

छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पिकअप वाहन से 4 करोड़ रुपये की नकदी बरामद की है। खुर्सीपार थाना क्षेत्र के डबरापारा में वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने रायपुर से नागपुर जा रहे सफेद बोलेरो मैक्स पिकअप को रोका। तलाशी के दौरान वाहन के पिछले हिस्से में विशेष रूप से बनाया गया गुप्त चेंबर मिला।
पुलिस के मुताबिक, इस चेंबर में 4 करोड़ रुपये छिपाकर रखे गए थे। वाहन में दो व्यक्ति सवार थे, जिनकी पहचान भवेशभाई जीनाभाई डाभी और विष्णुदेव दुबे के रूप में हुई है।
फिलहाल पुलिस दोनों से नकदी के स्रोत, स्वामित्व और परिवहन के उद्देश्य को लेकर पूछताछ कर रही है। मामले की जांच के लिए आयकर विभाग को भी सूचना भेजी जा रही है। रकम के संबंध में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।



