
बिलासपुर के अशोक नगर में देशी कंपोजिट मदिरा दुकान को लेकर रहवासियों की नाराजगी सामने आई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि शराब दुकान को अन्यत्र स्थानांतरित करने की मांग लंबे समय से की जा रही है, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं हुआ है।
रहवासियों के मुताबिक दुकान में आहता नहीं होने के कारण शराब खरीदने वाले सड़क किनारे वाहन खड़े कर खुले में शराब का सेवन करते हैं। आसपास संचालित चखना दुकानों के कारण भी सड़क पर भीड़ और असुविधा की स्थिति बनी रहती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इससे महिलाओं, स्कूली बच्चों और राहगीरों को आने-जाने में परेशानी होती है।
मोहल्लेवासियों के अनुसार इस संबंध में जिला प्रशासन और आबकारी विभाग से पहले भी शिकायत की जा चुकी है। फिलहाल गौरव पथ के तहत क्षेत्र में सड़क और नाली निर्माण का काम चल रहा है, जिसमें मदिरा दुकान की बाउंड्रीवाल भी तोड़ी जा रही है।
रहवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र की स्थिति को देखते हुए शराब दुकान को किसी दूसरे स्थान पर स्थानांतरित किया जाए और सड़क किनारे खुले में शराब सेवन की समस्या पर भी कार्रवाई की जाए।



