यात्री बस में मिला 245 किलो गांजा, बस मालिक-चालक समेत दो गिरफ्तार

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। पुलिस ने गांजा तस्करी के बड़े नेटवर्क का खुलासा करते हुए यात्री बस से करीब 245 किलो गांजा बरामद किया है। जब्त गांजे की कीमत करीब 1 करोड़ 22 लाख 50 हजार रुपए बताई गई है। मामले में बस मालिक-चालक समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के मुताबिक गांजा मलकानगिरी, ओडिशा से Jaguar Travels की 44 सीटर स्लीपर बस के जरिए लाया जा रहा था। गांजा 49 पैकेटों में रखा था। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल बस, जिसकी कीमत करीब 50 लाख रुपए बताई गई है, और तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों में मलकानगिरी निवासी दिलीप कुमार हिंडिया और गौरेला-पेंड्रा-मरवाही निवासी भीमसेन केवट शामिल हैं। पूछताछ में मलकानगिरी से गांजा लाकर कोरबा और GPM क्षेत्र में सप्लाई करने की बात सामने आई है। पुलिस अब सप्लायर, रिसीवर और तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक खंगाल रही है।



