छतीसगढ़रायगढ़

शेयर मार्केट में मुनाफे का झांसा देकर 70.77 लाख की ठगी, मुख्य आरोपी गिरफ्तार

शेयर मार्केट में पैसा लगाकर रकम दोगुनी करने और मोटा मुनाफा कमाने का लालच देकर ग्रामीण महिलाओं से लाखों रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। रायगढ़ जिले के ग्राम जतरी और आसपास के गांवों की महिलाओं से कुल 70 लाख 77 हजार 901 रुपये लेने की शिकायत पर साइबर थाना पुलिस ने मुख्य आरोपी मिनकेतन सिदार को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, इस मामले में पहले गिरफ्तार की गई महिला आरोपी मेनका सारथी से पूछताछ के दौरान मुख्य आरोपी की भूमिका सामने आई थी।

शिकायत के अनुसार, महिलाओं को शेयर मार्केट में निवेश करने पर कम समय में रकम दोगुनी होने का भरोसा दिलाया गया था। शुरुआत में कुछ निवेशकों को मुनाफे की रकम लौटाकर उनका विश्वास जीता गया, लेकिन बाद में भुगतान बंद कर दिया गया। आरोप है कि महिलाओं की मूल रकम भी वापस नहीं की गई। कई महिलाओं ने नकद और ऑनलाइन माध्यम से पैसे दिए थे। कुछ पीड़ितों ने दूसरे बैंकों से कर्ज लेकर भी रकम निवेश की थी, जिसके चलते अब उन्हें ऋण की किस्तें चुकाने में परेशानी हो रही है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में साइबर थाना पुलिस ने जांच शुरू की थी। पुलिस ने 6 अक्टूबर को महिला आरोपी मेनका सारथी को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में मिनकेतन सिदार की भूमिका सामने आने के बाद पुलिस ने तमनार क्षेत्र में दबिश देकर उसे हिरासत में लिया। आरोपी के कब्जे से मोबाइल फोन जब्त किया गया है और बैंक खातों से संबंधित जानकारी भी जुटाई गई है। पुलिस के अनुसार, इस मामले में अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

पुलिस ने आरोपी मिनकेतन सिदार, पिता ब्रह्मा सिदार, उम्र 40 वर्ष, निवासी ग्राम आमगांव, थाना तमनार को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले में मेनका सारथी, उसके पति अक्षय सारथी और मीरा सोनवानी के नाम भी प्राथमिकी में शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक, अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी अभी शेष है और विवेचना जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button