भीषण हादसा, खड़े ट्रक में घुसी यात्री बस, 3 की मौत

बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में बिलासपुर-रायपुर नेशनल हाईवे पर सोमवार तड़के बड़ा सड़क हादसा हो गया। ग्राम दरचुरा के पास अंबिकापुर से रायपुर जा रही रॉयल कंपनी की यात्री बस सड़क पर खराब होकर खड़े ट्रक से पीछे से टकरा गई। हादसा सुबह करीब 5:30 बजे हुआ।
दुर्घटना के समय बस में 22 यात्री सवार थे। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 8 से 10 लोग घायल हुए हैं। टक्कर के बाद कुछ यात्री बस के अंदर फंस गए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल, एंबुलेंस और बचाव दल मौके पर पहुंचा। बस में फंसे घायलों को गैस कटर की मदद से बाहर निकाला गया और उपचार के लिए शासकीय अस्पताल सिमगा भेजा जा रहा है।
फिलहाल पुलिस और बचाव दल राहत कार्य में जुटे हैं। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। मृतकों और घायलों की पहचान सहित हादसे से जुड़ी अन्य जानकारी जुटाई जा रही है।



