छतीसगढ़बिलासपुर

डॉ. धर्मेंद्र दास को आयुष विश्वविद्यालय में मिली बड़ी जिम्मेदारी

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ शासन के चिकित्सा शिक्षा विभाग ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्मृति स्वास्थ्य विज्ञान एवं आयुष विश्वविद्यालय, रायपुर के प्रबंधन बोर्ड के लिए तीन सदस्यों का नामांकन किया है। 22 सितंबर 2026 को जारी आदेश के अनुसार बिलासपुर के डॉ. धर्मेंद्र दास को भी प्रबंधन बोर्ड का सदस्य नामांकित किया गया है।

विश्वविद्यालय अधिनियम 21/2008 की धारा 19(2)(ग) के तहत किए गए इस नामांकन में डॉ. धर्मेंद्र दास के साथ डॉ. जे.पी. शर्मा और बिलासपुर के न्यूरोलॉजिस्ट डॉ. रजनीश पांडे को भी सदस्य बनाया गया है। यह आदेश छत्तीसगढ़ के राज्यपाल के नाम से चिकित्सा शिक्षा विभाग द्वारा जारी किया गया है।

डॉ. धर्मेंद्र दास चिकित्सा और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े रहे हैं। वे शासकीय सुपर स्पेशलिटी अस्पताल की स्वशासी समिति के सदस्य भी हैं। प्रबंधन बोर्ड में उनका नामांकन बिलासपुर के चिकित्सा एवं शैक्षणिक क्षेत्र से जुड़ी महत्वपूर्ण नियुक्ति के तौर पर सामने आया है।

सदस्य नामांकित किए जाने के बाद डॉ. धर्मेंद्र दास ने स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी दी गई है, उसका पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ निर्वहन करने का प्रयास करेंगे।

उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय और प्रदेश के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य क्षेत्र के हित में काम करना उनकी प्राथमिकता रहेगी। वहीं इस नामांकन के बाद अब प्रबंधन बोर्ड के जरिए विश्वविद्यालय से जुड़े प्रशासनिक और शैक्षणिक विषयों में उनकी भूमिका रहेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button