Uncategorized

रेल मंत्री के दौरे से पहले रायपुर स्टेशन के पार्सल ऑफिस में बवाल, एजेंटों में मारपीट का आरोप, अवैध बुकिंग और अनाधिकृत कब्जे पर भी सवाल

रायपुर। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रस्तावित रायपुर दौरे को लेकर रेलवे स्टेशन पर तैयारियां तेज हैं, लेकिन इसी बीच स्टेशन के पार्सल ऑफिस की व्यवस्थाओं को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। यहां पार्सल बुकिंग से जुड़े दो एजेंटों के बीच विवाद और मारपीट का मामला सामने आया है। एक एजेंट ने दूसरे एजेंट के कर्मचारियों पर मारपीट का आरोप लगाते हुए जीआरपी में शिकायत दर्ज कराई है।

शिकायतकर्ता के मुताबिक पार्सल ऑफिस में पैकिंग की आड़ में गाड़ियों की बुकिंग को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ। आरोप है कि रिजवान रेल कारगो से जुड़े युवकों ने राधा स्वामी कारगो के कर्मचारी के साथ मारपीट की। शिकायतकर्ता का दावा है कि जीआरपी में शिकायत करने के बाद भी पार्सल ऑफिस के बाहर उसके साथ दोबारा मारपीट की गई। फिलहाल जीआरपी शिकायत के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है।

बताया जा रहा है कि पार्सल ऑफिस में दोनों एजेंटों के बीच विवाद का यह कोई पहला मामला नहीं है। रेलवे सूत्रों के मुताबिक एक पक्ष को गाड़ियों की पैकिंग और दूसरे पक्ष को फोटो कॉपी का काम मिला है। आरोप है कि इसके बावजूद दोनों पक्षों के कर्मचारी पार्सल लेकर आने वाले यात्रियों को गेट के पास से ही अपने-अपने कार्यालय ले जाने की कोशिश करते हैं। इसी बात को लेकर आए दिन विवाद की स्थिति बनती है।

अब सवाल रेलवे प्रशासन की व्यवस्था पर भी उठ रहे हैं। आरोप है कि पार्सल ऑफिस में अनाधिकृत तरीके से टेबल-कुर्सियां लगाकर लोग काम कर रहे हैं। ऐसे में अगर रेल मंत्री या रेलवे मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी अपने दौरे के दौरान पार्सल ऑफिस का निरीक्षण करते हैं, तो क्या उन्हें यही व्यवस्था दिखाई देगी? क्या रेलवे प्रशासन को इन अनाधिकृत गतिविधियों की जानकारी है? फिलहाल मारपीट के आरोपों पर जीआरपी की जांच जारी है, लेकिन रेल मंत्री के दौरे से पहले पार्सल ऑफिस की व्यवस्था ने रेलवे प्रशासन के सामने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button