अमृतसर से चिट्टा लाकर बिलासपुर में बेचने की तैयारी, 2.50 लाख की हेरोइन के साथ अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार

बिलासपुर में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। ACCU और सकरी थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने पंजाब के अमृतसर से हेरोइन यानी चिट्टा लाकर बिलासपुर में बेचने की तैयारी कर रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 11.73 ग्राम हेरोइन बरामद की है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 2 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है। इसके अलावा 10 हजार 500 रुपये नकद भी जब्त किए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक, त्योहारों के मद्देनजर चल रही चेकिंग और निगरानी के दौरान सूचना मिली थी कि उसलापुर बाजार के आसपास एक व्यक्ति हेरोइन बेचने की फिराक में है। सूचना के आधार पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मधुलिका सिंह के मार्गदर्शन में संयुक्त टीम ने कार्रवाई की। इस दौरान संदिग्ध दीपक वालिया को पकड़ा गया। तलाशी में उसके पास से पारदर्शी पॉलीथिन में रखी हेरोइन और नकदी बरामद हुई।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने अमृतसर से हेरोइन खरीदकर बिलासपुर लाने और यहां स्थानीय ग्राहकों को अधिक कीमत पर बेचने की तैयारी की बात बताई। आरोपी की पहचान दीपक वालिया, उम्र 32 वर्ष, निवासी अमृतसर, पंजाब के रूप में हुई है। वह वर्तमान में बिलासपुर के उसलापुर स्थित वास्तु शिखर अपार्टमेंट में रह रहा था। पुलिस अब मादक पदार्थ की खरीद-फरोख्त से जुड़े अन्य लोगों और वित्तीय लेन-देन की जानकारी जुटा रही है।
इस मामले में थाना सकरी में NDPS एक्ट की धारा 21(बी) और 22(बी) के तहत अपराध दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया और न्यायालय में पेश किया गया। कार्रवाई में ACCU बिलासपुर और सकरी थाना पुलिस की टीम शामिल रही। पुलिस अधिकारियों ने कार्रवाई करने वाली टीम की सराहना करते हुए पुरस्कार की घोषणा की है। बिलासपुर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि नशे के अवैध कारोबार की जानकारी मिलने पर पुलिस को सूचित करें, ताकि इस पर प्रभावी कार्रवाई की जा सके।



