
जशपुर। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन आघात के तहत जशपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। लावाकेरा चेकिंग बैरियर पर पुलिस ने मिर्ची की बोरियों के नीचे छिपाकर ले जाया जा रहा 440.63 किलो अवैध गांजा बरामद किया है। मामले में उत्तर प्रदेश के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, उड़ीसा की ओर से आ रहे टाटा आईसर मिनी ट्रक क्रमांक UP-71-T-6592 को संदेह के आधार पर रोककर जांच की गई। ऊपर मिर्ची की बोरियां रखी थीं, जिन्हें हटाने पर नीचे टेप से पैक किए गए पैकेट मिले। जांच में कुल 14 बोरियों से 440 पैकेट गांजा बरामद हुआ, जिसका वजन 440.63 किलोग्राम है।
मामले में मो. वसीम और मो. आसिफ, दोनों निवासी प्रयागराज, उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने गांजे के साथ तस्करी में इस्तेमाल मिनी ट्रक भी जब्त किया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत 2 करोड़ 20 लाख 31 हजार 500 रुपये, जबकि वाहन की कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई गई है। कुल जप्ती करीब 2 करोड़ 40 लाख 31 हजार 500 रुपये की है।
पुलिस के अनुसार आरोपियों से पूछताछ में गांजा उड़ीसा से प्रयागराज ले जाने की बात सामने आई है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा किससे खरीदा गया और उत्तर प्रदेश में किसे पहुंचाया जाना था। मामले में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत कार्रवाई की गई है और तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच जारी है।



