नवरात्रि पर ट्रैफिक अलर्ट, महामाया दर्शन और दुर्गा पंडालों के लिए बदलेगी यातायात व्यवस्था

शारदीय नवरात्रि की सप्तमी पर मां महामाया मंदिर रतनपुर और शहर के दुर्गा पंडालों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है। इसे देखते हुए बिलासपुर यातायात पुलिस ने ट्रैफिक प्लान जारी किया है। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुगम आवागमन के लिए भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध, डायवर्सन और पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
मां महामाया मंदिर रतनपुर जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए महामाया परिसर, भैरव बाबा मंदिर और कोटा शनिचरी मोड़ सहित विभिन्न स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है। दर्शनार्थियों की पैदल यात्रा को देखते हुए 17 अक्टूबर शाम 3 बजे से 18 अक्टूबर सुबह 10 बजे तक निर्धारित मार्गों पर भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। पुलिस ने वाहन चालकों से निर्धारित डायवर्सन का पालन करने की अपील की है।
वहीं, बिलासपुर के तेलीपारा मार्ग स्थित मां दुर्गा पंडाल सहित शहर के प्रमुख पूजा स्थलों पर 17 अक्टूबर शाम 5 बजे से रात 12 बजे तक यातायात का दबाव बढ़ने की संभावना है। श्रद्धालुओं के लिए लाल बहादुर शास्त्री स्कूल परिसर, हैप्पी स्ट्रीट, बाजपेई मैदान, कोतवाली मल्टीलेवल पार्किंग और अन्य निर्धारित स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
यातायात पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही वाहन खड़े करें, पंडालों के भीतर वाहन न ले जाएं और प्रवेश व निकास मार्गों का पालन करें। भीड़ को देखते हुए शहर के अन्य क्षेत्रों में भी जरूरत के अनुसार डायवर्सन और नो-एंट्री लागू की जा सकती है। पुलिस ने लोगों से यातायात नियमों का पालन कर व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की है।



