पुलिस ने सुलझाई लाखों की चोरी, तीन आरोपी गिरफ्तार, 6 लाख के सोने-चांदी के जेवर और नगदी बरामद

बिलासपुर। सकरी थाना क्षेत्र के सागरदीप कॉलोनी उसलापुर में हुई लाखों रुपये की चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों सूरज सिंह ठाकुर उर्फ मोना, आशीष मिश्रा और अनुराग चौधरी उर्फ लालू को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 6 लाख रुपये कीमत के चोरी गए सोने-चांदी के जेवर और नगदी बरामद की गई है।
दरअसल, प्रार्थिया वृंदावती मिश्रा के घर के कमरे में रखी अलमारी और लॉकर का ताला टूटा मिला था। जांच करने पर अलमारी में रखा सोने का हार, झुमके, माथ टीका, अंगूठियां, चांदी की पायल, पायजेब, बिछिया और 12 हजार रुपये नगद गायब मिले। शिकायत के बाद सकरी पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने संदेह के आधार पर आशीष मिश्रा, सूरज सिंह ठाकुर और अनुराग चौधरी से पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने पहले पुलिस को गुमराह किया, लेकिन कड़ाई से पूछताछ करने पर चोरी की वारदात स्वीकार कर ली। आरोपियों के मेमोरण्डम के आधार पर करीब 6 लाख रुपये का चोरी का माल बरामद किया गया।
पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल बुलेट मोटरसाइकिल CG 10 AZ 5100 भी जब्त की है। तीनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। कार्रवाई एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर पंकज कुमार पटेल तथा सीएसपी सिविल लाइन परमेश्वर तिलकवार के मार्गदर्शन में की गई।



