
रायगढ़ में अवैध कबाड़ के परिवहन के खिलाफ पूंजीपथरा पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत बड़ी कार्रवाई की है। ग्राम देलारी स्थित रायगढ़ इस्पात के पास पुलिस ने दो माजदा वाहनों को रोककर जांच की, जिनमें करीब 17 टन 900 किलो स्क्रैप लदा मिला।
पुलिस के मुताबिक दोनों वाहन चालक कबाड़ के परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। कार्रवाई में करीब 6 लाख 26 हजार 500 रुपये कीमत का स्क्रैप और करीब 20 लाख रुपये कीमत के दोनों माजदा वाहन जब्त किए गए। कुल जब्ती करीब 26 लाख 26 हजार 500 रुपये की बताई गई है।
मामले में दोनों वाहन चालकों लालमणी गणतिया और मो. अपरार के खिलाफ BNSS और BNS की संबंधित धाराओं के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि अवैध कबाड़ के परिवहन और खरीदी-बिक्री में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।



