एमसीबी में 2,066 गैस कनेक्शन बहाल, अब फिर होगी सिलेंडर की बुकिंग; ई-केवाईसी की समस्या भी दूर

छत्तीसगढ़ के मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर यानी एमसीबी जिले में एलपीजी उपभोक्ताओं के लिए राहत भरी खबर है। PNG गैस की उपलब्धता के आधार पर निलंबित किए गए 2 हजार 66 एलपीजी कनेक्शनों को इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन ने फिर से सक्रिय कर दिया है। अब संबंधित उपभोक्ता पहले की तरह गैस सिलेंडर की बुकिंग कर सकेंगे। इसके साथ ही आधार कार्ड में एमसीबी जिला अपडेट होने के कारण ई-केवाईसी कराने में आ रही तकनीकी समस्या का भी समाधान कर दिया गया है।
दरअसल, जिले में पिछले कुछ दिनों से PNG पाइपलाइन की उपलब्धता के आधार पर एलपीजी कनेक्शन निलंबित होने की शिकायतें सामने आ रही थीं। परेशानी उन उपभोक्ताओं को भी हुई, जिनके क्षेत्रों में पाइपलाइन नहीं पहुंची थी या गैस की आपूर्ति शुरू नहीं हुई थी। उपभोक्ताओं की समस्या को देखते हुए जिला प्रशासन, खाद्य विभाग और इंडियन ऑयल के अधिकारियों ने आपसी समन्वय से समाधान की पहल की। इसके बाद 8 अक्टूबर 2026 को सभी 2,066 निलंबित कनेक्शन बहाल कर दिए गए।
उपभोक्ताओं को दूसरी बड़ी राहत ई-केवाईसी के मामले में मिली है। आधार कार्ड में पुराने कोरिया जिले की जगह मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिला अपडेट कराने वाले कई उपभोक्ताओं को तकनीकी समस्या का सामना करना पड़ रहा था। इंडियन ऑयल ने सिस्टम से जुड़ी इस समस्या का समाधान कर दिया है। अब संबंधित उपभोक्ता अपनी ई-केवाईसी प्रक्रिया पूरी कर सकेंगे।
वहीं, भविष्य में इस तरह की परेशानी दोबारा न हो, इसके लिए चैंबर ऑफ कॉमर्स के प्रतिनिधियों और स्थानीय पार्षदों ने कलेक्टर से आवश्यक कदम उठाने का आग्रह करने का निर्णय लिया है। उनका सुझाव है कि PNG कंपनी पहले आधार प्रमाणीकरण के बाद उन उपभोक्ताओं की सूची तैयार करे, जिनके घरों में वास्तव में गैस की आपूर्ति शुरू हो चुकी है। इसके बाद जिला प्रशासन की टीम स्थलीय सत्यापन करे और जांच के आधार पर ही एलपीजी कनेक्शन के संबंध में आगे की कार्रवाई की जाए।
जिला प्रशासन और इंडियन ऑयल के समन्वित प्रयासों से जिले के हजारों उपभोक्ताओं को राहत मिली है। अब उपभोक्ताओं की मांग है कि भविष्य में कनेक्शन निलंबित करने से पहले वास्तविक स्थिति का सत्यापन सुनिश्चित किया जाए, ताकि बिना PNG आपूर्ति शुरू हुए किसी भी परिवार को रसोई गैस की परेशानी का सामना न करना पड़े।



