
रायगढ़ में 88 वर्षीय बुजुर्ग दंपति ने अपने ही बेटे पर देखभाल नहीं करने और घर से निकालने के लिए विवाद करने का आरोप लगाते हुए एसएसपी शशि मोहन सिंह से संरक्षण की गुहार लगाई। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी ने चक्रधरनगर पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस ने बेटे को थाने बुलाकर समझाइश दी और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए एसडीएम को प्रतिवेदन भेजा है।
बुजुर्ग दंपति बैजनाथ पटनायक और उनकी पत्नी साहेबानी पटनायक का आरोप है कि वृद्धावस्था में वे दैनिक कार्य करने में असमर्थ हैं, लेकिन उनका बेटा भोजन, उपचार और देखभाल की उचित व्यवस्था नहीं करता। साथ ही घर-जमीन के बंटवारे को लेकर विवाद करता है। दंपति ने अपनी दिव्यांग बेटी की देखभाल नहीं किए जाने की बात भी शिकायत में कही है।
पुलिस ने बेटे को थाने बुलाकर माता-पिता के प्रति उसके नैतिक और कानूनी दायित्वों की जानकारी देते हुए कड़ी समझाइश दी। इसी दौरान बुजुर्ग महिला की तबीयत बिगड़ने पर पुलिस ने तत्काल उन्हें अस्पताल पहुंचाया। मामले में माता-पिता एवं वरिष्ठ नागरिकों के भरण-पोषण और कल्याण अधिनियम, 2007 के तहत आगे की कार्रवाई के लिए एसडीएम रायगढ़ को प्रतिवेदन भेजा गया है। अब संबंधित प्राधिकारी दोनों पक्षों को सुनकर नियमानुसार कार्रवाई करेंगे।



