सूने मकानों में चोरी करने वाले 3 शातिर गिरफ्तार,12.5 लाख के वाहन और लाखों के जेवर बरामद

बिलासपुर के ग्रामीण इलाकों में सूने मकानों को निशाना बनाकर चोरी करने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। कोटा पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त कार्रवाई में 10 चोरी के मामलों का खुलासा हुआ है। आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के आभूषण, नकदी और कार, बुलेट सहित तीन वाहन जब्त किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के खिलाफ जांजगीर जिले में भी पहले से 19 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार, आरोपी दिन के समय गांवों में घूमकर ऐसे मकानों की तलाश करते थे, जहां ताला लगा हो और घर के लोग बाहर गए हों। इसके बाद ताला तोड़कर आलमारी और पेटियों में रखे जेवरात व नकदी चोरी कर फरार हो जाते थे। बिलासपुर जिले के कोटा, रतनपुर, बेलगहना, पचपेड़ी और बिल्हा क्षेत्र में हुई घटनाओं की जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विनोद कुमार वासुदेव, भूपेंद्र सिंह राठौर उर्फ गुरुजी और राज प्रजापति उर्फ लल्लू के रूप में हुई है। तीनों कोरबा जिले के मानिकपुर क्षेत्र के निवासी हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से करीब 6 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात, 1 लाख 30 हजार रुपये नकद और गुल्लक के 1,250 रुपये बरामद किए हैं। साथ ही करीब 10 लाख रुपये की कार, 1.50 लाख रुपये की बुलेट और 1 लाख रुपये की होंडा एसपी साइन मोटरसाइकिल जब्त की गई है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने चोरी की रकम से वाहन खरीदने और उनकी किस्त चुकाने की बात स्वीकार की है। जांच में बिलासपुर जिले के 9 और कोरबा जिले के पाली थाना क्षेत्र के 1 मामले सहित कुल 10 प्रकरण सामने आए हैं। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। इस संयुक्त कार्रवाई में कोटा थाना पुलिस और एसीसीयू की टीम की अहम भूमिका रही।



