छतीसगढ़

तेंदुए का आतंक खत्म, 6 लोगों पर हमला करने वाले तेंदुए का रेस्क्यू

महासमुंद जिले के बागबाहरा वनपरिक्षेत्र के झिटकी गांव में दहशत फैलाने वाले तेंदुए को वन विभाग की टीम ने सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया है। इसी तेंदुए ने एक घर में घुसकर परिवार के 6 लोगों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया था। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल बना हुआ था।

तेंदुए को पकड़ने के लिए रायपुर से वन विभाग की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और पिंजरा लगाया। वन विभाग की रणनीति के तहत तेंदुए को पिंजरे तक लाया गया, जिसके बाद उसे सुरक्षित पकड़ लिया गया। रेस्क्यू के बाद ग्रामीणों और प्रभावित यादव परिवार ने राहत की सांस ली।

बताया जा रहा है कि तेंदुआ देर रात यादव परिवार के घर में घुसा था। बाथरूम जाने के लिए बाहर निकली महिला पर उसने हमला किया। महिला की चीख सुनकर परिवार के लोग बाहर आए तो तेंदुआ घर के अंदर घुस गया और वहां मौजूद लोगों पर भी हमला कर दिया। हमले में 4 पुरुष और 2 महिलाएं घायल हुए, जिनमें 3 की हालत गंभीर बताई गई।

घटना के बाद सभी घायलों को बागबाहरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से उन्हें महासमुंद मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। गंभीर घायलों को बेहतर उपचार के लिए रायपुर भेजा गया। वहीं रेस्क्यू किए गए तेंदुए का मेडिकल परीक्षण कराया जाएगा, जिसके बाद उसे रायपुर ले जाने की तैयारी है। एहतियात के तौर पर वन विभाग की टीम गांव और आसपास के इलाके में निगरानी कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button