
रायगढ़ जिले के घरघोड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम नवागढ़ में ग्रामीणों ने नशे के खिलाफ बड़ा सामाजिक संकल्प लिया है। ग्रामीणों ने गांव में पूर्ण शराबबंदी का निर्णय लेते हुए अवैध शराब की बिक्री और सेवन को रोकने में पुलिस का सहयोग करने की बात कही है। ग्रामीणों की इस पहल का घरघोड़ा पुलिस ने स्वागत किया है।
गांव में आयोजित कार्यक्रम में थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू ने ग्रामीणों के फैसले की सराहना की। उन्होंने कहा कि शराब और नशे का असर केवल व्यक्ति तक सीमित नहीं रहता, बल्कि पारिवारिक विवाद, घरेलू हिंसा और सड़क दुर्घटनाओं जैसी घटनाओं से भी इसका संबंध सामने आता है। थाना प्रभारी ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि शराबबंदी के बाद यदि गांव में चोरी-छिपे अवैध शराब बनाने या बेचने की शिकायत मिलती है, तो पुलिस नियमानुसार कार्रवाई करेगी।
वहीं ग्रामीणों ने भी शराबबंदी के फैसले को प्रभावी बनाने और अवैध शराब की जानकारी पुलिस तक पहुंचाने का संकल्प लिया। रायगढ़ पुलिस के “ऑपरेशन आघात” के तहत अब कार्रवाई के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता और सामुदायिक सहभागिता पर भी जोर दिया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि नशे के खिलाफ अभियान में ग्रामीणों की भागीदारी से गांवों को नशामुक्त बनाने की दिशा में प्रयास मजबूत होंगे।



