
बिलासपुर के प्रसिद्ध रतनपुर महामाया मंदिर में नवरात्रि महोत्सव को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। 11 से 20 अक्टूबर तक होने वाले आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए कलेक्टर संजय अग्रवाल और एसएसपी रजनेश सिंह ने बैठक लेकर व्यवस्थाओं की समीक्षा की.
नवरात्रि के दौरान सुरक्षा, यातायात और भीड़ प्रबंधन पर विशेष फोकस किया जा रहा है। सप्तमी के दिन संभावित भीड़ को देखते हुए 30 अतिरिक्त बसें चलाने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा मंदिर परिसर में पेयजल, स्वास्थ्य, स्वच्छता और पार्किंग व्यवस्था को लेकर भी अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन का प्रयास है कि नवरात्रि के दौरान रतनपुर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलें और पूरे आयोजन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रहे।



