छतीसगढ़

12.50 लाख की चोरी का खुलासा, पिता-पुत्र गिरफ्तार; 11.53 लाख रुपये बरामद

कवर्धा के सिटी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम मझगांव में घर से हुई 12.50 लाख रुपये की चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मामले में पुलिस ने आरोपी पिता-पुत्र को गिरफ्तार किया है और उनकी निशानदेही पर चोरी की रकम में से 11 लाख 53 हजार रुपये बरामद किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक तकनीकी साक्ष्यों के विश्लेषण और लगातार पतासाजी के बाद आरोपियों तक पहुंच बनाई गई।

मझगांव निवासी हीरालाल साहू ने 24 सितंबर को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 15 सितंबर की शाम करीब 6 से 7 बजे के बीच अज्ञात व्यक्ति घर में घुसकर आलमारी के लॉकर में रखे 12.50 लाख रुपये चोरी कर ले गया। घटना के दौरान परिवार के लोगों ने चेहरे पर गमछा बांधे एक संदिग्ध को घर से निकलते देखा था। पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार यादव के निर्देश पर साइबर थाना और सिटी कोतवाली की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की।

जांच में सामने आया कि आरोपी कमलेश पटेल उम्र 19 वर्ष ने अपने पुराने मकान की छत के रास्ते हीरालाल साहू के घर में प्रवेश किया था। गणेश चतुर्थी के दौरान गांव में लोगों की आवाजाही कम होने का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम दिया गया। पुलिस ने मामले में पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर 11.53 लाख रुपये बरामद किए हैं और आगे की कार्रवाई जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button