तेंदुए की दहशत, हॉस्पिटल परिसर में महिला पर हमला, बिलासपुर से रेस्क्यू टीम रवाना

कवर्धा। शहर में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब स्नेहा हॉस्पिटल परिसर में तेंदुआ घुस आया। सुबह करीब 11 बजे तेंदुए की मौजूदगी की सूचना मिलते ही अस्पताल और आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। इसी दौरान तेंदुए ने यशोदा बाई नाम की महिला पर पंजा मारकर उसे घायल कर दिया।
तेंदुए के हॉस्पिटल परिसर में घूमने का CCTV फुटेज भी सामने आया है। फुटेज में तेंदुआ सीढ़ियों से नीचे पार्किंग एरिया में उतरता नजर आ रहा है। इसके बाद वह इधर-उधर भागता दिखाई दिया। वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर तेंदुए को सुरक्षित तरीके से घेरने की कार्रवाई शुरू की और फिलहाल उसे अस्पताल के बाथरूम में बंद कर दिया गया है।
घटना की सूचना के बाद DFO समेत वन विभाग की टीम मौके पर मौजूद है। तेंदुए के रेवाबंद तालाब या आसपास की गौशाला क्षेत्र की ओर जाने की आशंका भी जताई जा रही है। मौके पर जुट रही भीड़ को हटाया जा रहा है, ताकि रेस्क्यू ऑपरेशन में परेशानी न हो और लोगों की सुरक्षा बनी रहे।
तेंदुए को सुरक्षित पकड़ने के लिए बिलासपुर से रेस्क्यू टीम कवर्धा के लिए रवाना हो गई है। फिलहाल वन विभाग और स्थानीय प्रशासन की टीम पूरे इलाके पर नजर बनाए हुए है। मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है।



