31 हाथियों के दल में गूंजी किलकारी, नन्हे शावक के जन्म पर ग्रामीणों ने मनाई छठ्ठी

रायगढ़ के धरमजयगढ़ क्षेत्र के ससकोबा जंगल में 31 हाथियों के दल के बीच एक नन्हे हाथी शावक का जन्म हुआ है। शावक के जन्म से ग्रामीणों में खुशी का माहौल है। आदिवासी परंपरा के अनुसार ग्रामीणों ने गनपतपुर-ससकोबा पुल के पास पूजा-अर्चना कर शावक की छठ्ठी मनाई। हालांकि, इलाके में हाथियों के बड़े दल की मौजूदगी ग्रामीणों के लिए चिंता का कारण भी बनी हुई है।
ससकोबा जंगल में इन दिनों करीब 31 हाथियों का दल मौजूद है। इसी दल में एक हथिनी ने नन्हे शावक को जन्म दिया है। जानकारी मिलने के बाद ग्रामीणों ने आदिवासी रीति-रिवाज के अनुसार पूजा-अर्चना की और शावक के जन्म पर खुशी जताई। यह आयोजन ग्रामीणों के वन्यजीवों के प्रति भावनात्मक जुड़ाव और स्थानीय परंपराओं की झलक भी दिखाता है।
वहीं हाथियों के दल की आवाजाही से फसलों को नुकसान पहुंचने की बात सामने आ रही है, जिसके चलते ग्रामीणों में दहशत और चिंता भी है। वन विभाग की टीम हाथियों की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है। विभाग ने ग्रामीणों से हाथियों के करीब नहीं जाने और विशेष रूप से शावक के आसपास सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की है।



