
बिलासपुर जिला शिक्षा विभाग में युक्तियुक्तकरण और संशोधित पदोन्नति प्रकरण में कथित अनियमितता को लेकर बड़ी कार्रवाई की गई है। जिला शिक्षा अधिकारी ने तत्कालीन विधि खंड प्रभारी और वर्तमान कनिष्ठ लेखा परीक्षक सुनील कुमार यादव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। सीएम हेल्पलाइन से मिली शिकायत के बाद तीन सदस्यीय जांच दल ने मामले की जांच की थी। जांच प्रतिवेदन और संबंधित अभिलेखों के परीक्षण के बाद यादव को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया, लेकिन उनका जवाब संतोषप्रद नहीं पाया गया।

आदेश में कहा गया है कि प्रथम दृष्टया उनकी संलिप्तता और पदीय दायित्वों के निर्वहन में घोर अनियमितता सामने आई है। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय सेजेस बहुउद्देशीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय दयालबंद, विकासखंड बिल्हा निर्धारित किया गया है और उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा।



