पहले असली सोना देकर जीता भरोसा, फिर नकली पत्तियां देकर की ठगी, अंतरराज्यीय गिरोह के 6 आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग। ज्वेलर्स का भरोसा जीतकर नकली सोना खपाने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का दुर्ग पुलिस ने खुलासा किया है। पाटन में ज्वेलर्स व्यापारी को असली बताकर नकली सोने की पत्तियां देकर 19 लाख 32 हजार रुपये की ठगी की गई थी। मामले में पुलिस ने राजस्थान के अलवर से जुड़े गिरोह के छह सदस्यों को गिरफ्तार किया है।
गिरोह का तरीका भी बेहद शातिर था। आरोपी पहले असली सोने के आभूषण गिरवी रखकर ज्वेलर्स का भरोसा जीतते थे और समय पर रकम लौटाकर विश्वास कायम करते थे। इसके बाद बड़ी रकम के लेन-देन के दौरान असली सोने के साथ नकली सोने की पत्तियां मिलाकर ज्वेलर्स को चूना लगाते थे। पाटन में भी आरोपियों ने इसी तरीके से 18 सोने की पत्तियां और अन्य जेवर देकर 19.32 लाख रुपये हासिल किए।
मामले की जांच के दौरान दुर्ग पुलिस ने आसपास के जिलों के ज्वेलर्स को गिरोह के इस तरीके से सावधान किया। इसी बीच अर्जुन्दा में करीब 25 लाख रुपये की ठगी की कोशिश की सूचना मिली, जिसके बाद पुलिस ने संदिग्धों को पकड़ा। पूछताछ में मिले सुरागों से राजनांदगांव में गिरोह के अन्य सदस्यों का पता चला, लेकिन कुछ आरोपी ट्रेन से फरार हो गए।
इसके बाद सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच के आधार पर आरपीएफ नागपुर के सहयोग से दो महिला और दो पुरुष आरोपियों को ट्रेन से गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के कब्जे से 23 नकली सोने की पत्तियां, एक असली सोने की पत्ती, करीब 240 ग्राम की 24 पत्तियां, मोटरसाइकिल, नकदी और ठगी में इस्तेमाल अन्य सामान बरामद हुआ है। पुलिस अब गिरोह के अन्य वारदातों और संभावित शिकार हुए ज्वेलर्स के बारे में जांच कर रही है।



