छतीसगढ़

साइबर ठगी और ऑनलाइन सट्टे के म्यूल खातों पर पुलिस का बड़ा प्रहार

दुर्ग पुलिस ने साइबर ठगी और ऑनलाइन सट्टे के वित्तीय नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने जिले में ऐसे 3 हजार 162 म्यूल बैंक खातों की पहचान की है, जिनका इस्तेमाल अवैध लेन-देन के लिए किए जाने की आशंका है।

पुलिस के मुताबिक, 63 एफआईआर में 1 हजार 668 खातों के खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी है, जबकि इन मामलों में अब तक 257 आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है। वहीं 578 खातों में सत्यापन और इस्तगासा की कार्रवाई की गई है, जबकि 916 खाते अभी जांच के दायरे में हैं।

दुर्ग पुलिस ने विभिन्न साइबर ठगी और ऑनलाइन सट्टे से जुड़े मामलों में 2 करोड़ 75 लाख 50 हजार 91 रुपये की डिस्प्यूट राशि पर होल्ड लगाकर रकम के आगे ट्रांसफर और निकासी को रोकने की कार्रवाई की है। पुलिस बैंकिंग ट्रांजेक्शन, केवाईसी, यूपीआई, मोबाइल नंबर और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर नेटवर्क की जांच कर रही है।

पुलिस के अनुसार, साइबर अपराधी कमीशन और आसान कमाई का लालच देकर लोगों के बैंक खाते हासिल करते हैं और उनका इस्तेमाल ठगी की रकम को इधर-उधर ट्रांसफर करने में करते हैं। दुर्ग पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अपना बैंक खाता, एटीएम, चेकबुक, सिम, ओटीपी या यूपीआई की जानकारी किसी दूसरे व्यक्ति को उपलब्ध न कराएं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button