
बिलासपुर में मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर बाइक चलाने वालों के खिलाफ यातायात पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई की है। पुलिस ने शहर के अलग-अलग यातायात बीट क्षेत्रों में चेकिंग अभियान चलाकर 28 मॉडिफाइड साइलेंसर वाली बुलेट समेत कुल 31 बाइक पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की है।
यातायात पुलिस के मुताबिक, सभी प्रकरणों को माननीय न्यायालय भेजा जा रहा है। पुलिस का कहना है कि मॉडिफाइड साइलेंसर से निकलने वाली तेज और कर्कश आवाज से ध्वनि प्रदूषण बढ़ता है और बच्चों, बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं तथा बीमार लोगों को परेशानी हो सकती है।
वहीं पुलिस ने मॉडिफाइड साइलेंसर की बिक्री और वाहनों में इसकी फिटिंग करने वालों पर भी कार्रवाई की चेतावनी दी है। साइलेंसर बेचने वाली दुकानों पर पहले ही कार्रवाई और समझाइश की जा चुकी है, जबकि गैराज संचालकों को भी वाहनों में अनधिकृत बदलाव नहीं करने के निर्देश दिए गए हैं।
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि बाइक में किसी भी तरह का मॉडिफाइड साइलेंसर या तेज आवाज वाला उपकरण न लगाएं। पुलिस ने साफ किया है कि मॉडिफाइड साइलेंसर के खिलाफ कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।



